जशपुर के 'लइका घर' से मिट रहा कुपोषण: 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों को मिल रहा पौष्टिक आहार और संस्कार

जशपुर के 'लइका घर' से मिट रहा कुपोषण: 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों को मिल रहा पौष्टिक आहार और संस्कार

जशपुर | 5 मई 2026

जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज ग्राम पंचायत पुरना नगर स्थित 'लइका घर' का आकस्मिक अवलोकन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस केंद्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उन्होंने बारीकी से जायजा लिया।

सीखने की जिज्ञासा और रचनात्मकता पर जोर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में संचालित खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को देखा। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी सीखने की प्रक्रिया को समझा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षण पद्धतियों और गतिविधियों में रोचकता बनाए रखें, ताकि छोटे बच्चों में नई चीजें सीखने की ललक हमेशा बनी रहे। उन्होंने केंद्र में बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

कुपोषण मुक्ति और अच्छी आदतों का केंद्र 'लइका घर' केवल एक देख-रेख केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण के खिलाफ एक बड़ा हथियार साबित हो रहा है। यहाँ 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को रखा जाता है। केंद्र में बच्चों को न केवल पौष्टिक आहार दिया जाता है, बल्कि शुरुआती उम्र से ही स्वच्छता, अनुशासन और अच्छे व्यवहार जैसे संस्कार भी सिखाए जा रहे हैं।

कामकाजी अभिभावकों को मिली बड़ी राहत यह केंद्र उन कामकाजी माता-पिताओं के लिए अत्यंत सहायक है जो काम पर जाते समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। अब वे निश्चिंत होकर अपने काम पर जा सकते हैं। साथ ही, घर के बड़े भाई-बहन भी अब छोटे बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे पा रहे हैं।

पोषण का खास ख्याल वर्तमान में इस केंद्र से 22 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उन्हें दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन दिया जाता है, जिसमें सत्तू, अंडा, खिचड़ी, सब्जी, सूजी, रागी और दाल जैसे पोषक तत्व शामिल हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी श्री अजय शर्मा और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के जिला प्रोग्राम मैनेजर श्री ज्योतिष मान सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।