जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 72 लीटर प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ तस्कर अरुण यादव गिरफ्तार

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 72 लीटर प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ तस्कर अरुण यादव गिरफ्तार

पत्थलगांव/जशपुर:

जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पत्थलगांव थाना क्षेत्र के चंदागढ़ में छापा मारकर एक युवक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने किराए के मकान में नशे की खेप डंप कर उसे खपाने की फिराक में था।

मुखबिर की सूचना पर DIG/SSP ने बिछाया जाल

​जानकारी के अनुसार, DIG एवं SSP जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोंगरो (कांसाबेल) निवासी अरुण यादव, चंदागढ़ स्थित अपने किराए के कमरे में भारी मात्रा में नशीली सिरप रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए SDOP पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

तख्त के नीचे छिपाकर रखी थी 720 शीशियां

​पुलिस टीम ने जब चंदागढ़ में आरोपी के कमरे पर दबिश दी, तो शुरुआत में आरोपी अरुण यादव पुलिस को गुमराह करने लगा। लेकिन जब गवाहों की मौजूदगी में कमरे की गहन तलाशी ली गई, तो लकड़ी के तख्त (पलंग) के नीचे छिपाकर रखे गए 06 कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों से 'ONEREX' कफ सिरप की कुल 720 नग (72 लीटर) शीशियां बरामद की गईं।

जप्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई

​पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामग्री जप्त की है:

  • नशीली सिरप: 72 लीटर (बाजार मूल्य लगभग ₹ 1,44,720)
  • वाहन: तस्करी में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल
  • अन्य: 01 नग मोबाइल फोन

​आरोपी अरुण यादव (27 वर्ष) के खिलाफ थाना पत्थलगांव में NDPS एक्ट की धारा 8, 21 (ग) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

​इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत पांडेय, एएसआई लखेश साहू, प्रधान आरक्षक कमलेश्वर वर्मा, आरक्षक राजेंद्र, पदम वर्मा, देव सिंह एक्का और अनिल कश्यप का विशेष योगदान रहा।

"जिम्मेदार नागरिक बनें"

DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास हो रही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।