नारायणपुर में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई: 3.20 लाख के गांजे और मोबाइल के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

नारायणपुर में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई: 3.20 लाख के गांजे और मोबाइल के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

जशपुर/नारायणपुर: जशपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम कोटिया के बालेश्वर चौक से बस का इंतजार कर रहे दो आरोपियों को 6 किलो 165 ग्राम अवैध गांजे और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 2 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि बालेश्वर चौक के पास दो व्यक्ति बोरी में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में बस का इंतजार कर रहे हैं। थाना नारायणपुर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. दिलीप यादव (44 वर्ष), निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर

  2. बसंत राम उर्फ बबलू (32 वर्ष), निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर

तलाशी में मिले गांजे के 6 पैकेट गवाहों की मौजूदगी में जब आरोपियों के पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली गई, तो उसमें टेप से लिपटे 6 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पैकेटों में कुल 6 किलो 165 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन जप्त कर लिए हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज नारायणपुर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में एंड-टू-एंड जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

इनकी रही सराहनीय भूमिका इस सफल कार्रवाई में नारायणपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक प्रदीप भगत, आरक्षक रणवीर तिग्गा, नगर सैनिक वीरेंद्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव का विशेष योगदान रहा।