जशपुर: मृत बछड़े को दफनाने के पैसों को लेकर विवाद, बाप-बेटे ने की युवक की हत्या, दोनों गिरफ्तार
जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपियों को दबोचा
दिनांक: 12.06.2026
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में थाना सन्ना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंदराई पाठ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज कुछ रुपयों के विवाद में बाप-बेटे ने मिलकर अपने ही गांव के एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला:
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 8:00 बजे की है। मृतक फगुआ राम (30 वर्ष) और आरोपी बाप-बेटे, फगुआ राम कोरवा (50 वर्ष) और बृजनाथ राम कोरवा (21 वर्ष), दोनों ग्राम कंदराई पाठ के निवासी थे।
घटना के दिन आरोपी बाप-बेटे सन्ना लकड़ी बेचने आए थे। वहीं मृतक फगुआ राम भी अपनी पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना आया हुआ था। इसी दौरान ग्राम सन्ना के एक व्यक्ति राजू ने आरोपियों को अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए कहा। आरोपियों ने बछड़े को दफना दिया, जिसके बदले में उन्हें कुछ रुपए मिले।
शाम को पंचायत भवन सन्ना के पास जब आरोपियों और मृतक फगुआ राम की मुलाकात हुई, तो मृतक ने बछड़े को दफनाने के लिए मिले पैसों में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पास रखे लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से मृतक फगुआ राम के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
फगुआ राम को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिसिया कार्रवाई:
मृतक के भाई अघनू राम कोरवा की रिपोर्ट पर थाना सन्ना में आरोपियों के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के बहिंगा और पत्थर को भी जब्त कर लिया है।
शॉर्ट पी.एम. रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मौत की पुष्टि हुई है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।














