जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 230 क्विंटल अवैध धान जप्त
जशपुरनगर | 20 जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से धान खपाने वाले बिचौलियों पर जशपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोदाम पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक ट्रक और एक ट्रैक्टर से कुल 230 क्विंटल अवैध धान जप्त किया है। जप्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 29 हजार रुपए बताई जा रही है।
केस 1: ट्रैक्टर से लाया जा रहा था झारखंड का धान
पहली कार्यवाही 19 जनवरी की सुबह ग्राम भलमंडा चौक पर की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MR-7224 को रोका। तलाशी में ट्रैक्टर में 65 बोरी (30 क्विंटल) धान मिला। चालक सत्यमूर्ति तिर्की ने बताया कि वह धान झारखंड के कीतम से लाकर जशपुर के बोडोकछार निवासी देवघन राम के यहाँ ले जा रहा था। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने ट्रैक्टर और धान को जप्त कर लिया।
केस 2: रांची से ट्रक में भरकर आ रहा था 200 क्विंटल धान
दूसरी कार्यवाही 19 जनवरी की रात ग्राम साईं टांगर टोली के पास हुई। पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG-04-MC-5664 की घेराबंदी कर उसे रोका। जांच करने पर ट्रक में 450 बोरियों में कुल 200 क्विंटल धान लदा मिला। ट्रक चालक बबन सिंह (निवासी रांची) ने बताया कि यह धान रांची के दिवाकर सिंह का है। इस मामले में भी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही की।
अब तक 2600 क्विंटल से अधिक धान जप्त
जशपुर पुलिस ने अब तक अवैध धान परिवहन के 45 से अधिक प्रकरणों में 2600 क्विंटल से अधिक धान पकड़कर जिला प्रशासन को सुपुर्द किया है। पुलिस की इस सक्रियता से सीमावर्ती क्षेत्रों के बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान: "जशपुर पुलिस सरहदी क्षेत्रों और संदिग्ध रास्तों पर निरंतर निगाह रखे हुए है। अवैध रूप से धान खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ यह अभियान और सख्त किया जाएगा। जप्त धान और वाहनों को आगे की कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।"
इस कार्यवाही में लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक महेश्वर यादव की मुख्य भूमिका रही।





