H1N1/स्वाइन फ्लू को लेकर जशपुर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमएचओ डॉ. जात्रा ने की सावधानी बरतने की अपील
जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बिलासपुर सहित कई जिलों में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के नए मामले सामने आने के बाद जशपुर जिले में भी स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी. एस. जात्रा ने एडवाइजरी जारी कर जिलेवासियों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
स्वाइन फ्लू एक श्वसन संबंधी संक्रमण है, जो मरीज के खांसने, छींकने और संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से तेजी से फैलता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीमारी से घबराने की नहीं, बल्कि सतर्कता और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता है।
लक्षणों को न करें नजरअंदाज स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में निम्नलिखित लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए:
-
तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और नाक बहना या बंद होना
-
सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी और अत्यधिक थकान
-
गंभीर लक्षण: सांस लेने में तकलीफ, सांस फूलना या सीने में दर्द होने पर बिना देरी किए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
बचाव के मुख्य उपाय
-
खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल/टिश्यू से ढकें।
-
साबुन और पानी से बार-बार हाथ धोएं; बिना हाथ धोए आंख, नाक व मुंह न छुएं।
-
बुखार या फ्लू के लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और पर्याप्त आराम करें।
-
बिना चिकित्सकीय परामर्श के मनमर्जी से एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन न करें।
-
घर और कार्यस्थल पर हवा के सही आवागमन (वेंटिलेशन) और साफ-सफाई का ध्यान रखें।
उच्च जोखिम वाले वर्ग बरतें विशेष सावधानी गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर या दीर्घकालिक बीमारी से पीड़ित मरीजों में संक्रमण का खतरा अधिक होता है। स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ग को लक्षण दिखते ही तत्काल डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।














