ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने नाकाम की गौ-तस्करी की कोशिश, झारखंड के 4 तस्कर गिरफ्तार
जशपुरनगर | 20 जनवरी 2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पोड़ी के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर दो पिकअप वाहनों से 06 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया है। इस मामले में झारखंड के रहने वाले 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
तड़के सुबह घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर
जानकारी के अनुसार, लोदाम पुलिस को मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों (JH-09-AS-3683 और JH-01-N-1797) में अवैध रूप से गौ-वंश भरकर ग्रामीण रास्तों से झारखंड ले जाया जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर तत्काल ग्राम पोड़ी के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर उनमें क्रूरतापूर्वक बांधे गए 06 गौ-वंश बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपी और जप्त वाहन
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
साहेब अंसारी (45 वर्ष), जिला गुमला, झारखंड।
रुस्तम अंसारी (26 वर्ष), जिला गुमला, झारखंड।
मुकेश कुमार साहू (35 वर्ष), जिला गुमला, झारखंड।
कार्तिक लोहारा (29 वर्ष), जिला गुमला, झारखंड।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन पशुओं को जशपुर के बगीचा और कुनकुरी क्षेत्र से खरीदकर झारखंड के सिसई ले जा रहे थे। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को जप्त कर लिया है।
कड़ी धाराओं के तहत कार्यवाही
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। बरामद गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश: "जशपुर पुलिस का 'ऑपरेशन शंखनाद' निरंतर जारी है। अब तक 147 प्रकरणों में 1400 से अधिक गौ-वंशों को मुक्त कराया गया है और 244 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। गौ-तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"
इस सफल कार्यवाही में लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





