जशपुर में खबर का बड़ा असर: सुलेसा-दनगरी मार्ग पर बारिश से कटे रास्ते की मरम्मत शुरू, PWD ने ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश
जशपुरनगर। समाचार पत्र में सुलेसा-दनगरी मार्ग की बदहाली को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित खबर "जशपुर में ठेकेदार की लापरवाही से सड़क बही, कई गांवो का संपर्क टूटा" का लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर ने त्वरित संज्ञान लिया है। खबर छपते ही हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने प्रभावित स्थल का भौतिक निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
कार्यपालन अभियंता से मिली जानकारी के मुताबिक 12.26 किलोमीटर लंबे सुलेसा-दनगरी मार्ग का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है, जिसमें मिट्टी और जीएसबी का काम पूरा किया जा चुका है। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश और कच्ची नाली में पानी के तेज बहाव की वजह से मार्ग का करीब 60 मीटर हिस्सा बह गया था, जिससे कई गांवों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 1 सितंबर को PWD अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ठेकेदार प्रतिनिधि की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लिया। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ठेकेदार को तुरंत मरम्मत कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है, ताकि ग्रामीणों के लिए मार्ग पर वाहनों का परिचालन जल्द से जल्द सुरक्षित और सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।














