कांसाबेल ब्रेकिंग: मुर्गी भगाने और पत्थर मारने को लेकर विवाद, बुजुर्ग और महिलाओं के बीच मारपीट, अस्पताल पहुंचे घायल।
कांसाबेल (जशपुर):
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल थाना अंतर्गत ग्राम बटईकेला (प्रेमनगर) में सोमवार सुबह एक मुर्गी को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुँच गया और पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस (एक-दूसरे के खिलाफ मामला) दर्ज कर लिया है।
दूसरा पक्ष: अर्जुन यादव की शिकायत
दूसरा पक्ष के प्रार्थी अर्जुन यादव (80 वर्ष) ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे जब वह अपने घर की बाड़ी की ओर जा रहे थे, तब सड़क पर पड़ोसी नारायण यादव की मुर्गी चर रही थी। मुर्गी को भगाने की बात पर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद नारायण यादव, तिलोसरी यादव और रायवती यादव ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अर्जुन का आरोप है कि नारायण ने डंडे से उनके कंधे पर वार किया, जबकि महिलाओं ने मुक्के और लात से मारपीट की।
पहला पक्ष: नारायण यादव की शिकायत
वहीं, पहले पक्ष के प्रार्थी नारायण यादव ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनकी मुर्गी सड़क पर चर रही थी, तभी अर्जुन यादव और उनकी नतिनी राधिका ने मुर्गी को पत्थर से मारा और उसे पकड़कर अपने घर ले जाने लगे। जब नारायण ने इसका विरोध किया, तो अर्जुन, पदु यादव, जेमा बाई और राधिका ने मिलकर उनके साथ लाठी-डंडों और पत्थर से मारपीट की, जिससे उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
कानूनी कार्रवाई:
कांसाबेल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर धारा 115(2), 296, 3(5), और 351(2) BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिसमें स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, गाली-गलौज और सामूहिक रूप से अपराध करने जैसी धाराएं शामिल हैं।
रिपोर्टर: [स्वामी/संपादक ऋषि संतोष थवाईत/प्राइम पल्स न्यूज़]
स्थान: कांसाबेल, जशपुर


