100 साल की उम्र में मिला सुकून का आशियाना: जशपुर के सोहद राम को मिला पीएम आवास का सहारा

जशपुर | 26 मार्च 2026 कहते हैं उम्र के आखिरी पड़ाव में अपनों का साथ और सिर पर मजबूत छत ही सबसे बड़ा सुकून होता है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टांगरगाँव के 100 वर्षीय बुजुर्ग श्री सोहद राम चक्रेश के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) कुछ ऐसा ही सहारा बनकर आई है।
कच्चे घर की असुरक्षा से मिली मुक्ति
वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुए इस आवास ने सोहद राम के जीवन से कच्चे मकान की चिंताएं दूर कर दी हैं। अब उन्हें न तो मूसलाधार बारिश का डर है और न ही कड़ाके की ठंड की फिक्र। चलने-फिरने में असमर्थ हो चुके सोहद राम के लिए यह पक्का घर किसी वरदान से कम नहीं है।


परिवार ने जताया आभार
बुजुर्ग के नाती श्री बसंत कुमार चक्रेश ने बताया कि पहले कच्चे मकान के कारण दादाजी की देखभाल करना काफी चुनौतीपूर्ण था। मौसम की मार और असुरक्षा हमेशा बनी रहती थी। उन्होंने कहा:
"पक्का मकान मिलने से न केवल दादाजी को आराम मिला है, बल्कि पूरे परिवार को एक सुरक्षित छत नसीब हुई है।"
सुशासन का दिख रहा असर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है। सोहद राम जैसे पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुँचाना शासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह योजना न केवल ईंट-पत्थर का मकान दे रही है, बल्कि जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन भी प्रदान कर रही है।
पीएम और सीएम को दिया धन्यवाद
अपने जीवन के इस पड़ाव पर सुरक्षित छत पाकर सोहद राम और उनका परिवार भावुक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।





