जशपुर: तिवारी कॉलोनी में पेयजल संकट पर भड़के भाजपा नेता; कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी सीधी चेतावनी
नशाखोर कर्मचारी और लापरवाह अधिकारियों पर गाज गिरना तय; मुख्यमंत्री से शिकायत की तैयारी
जशपुरनगर | 24 मार्च 2026 जशपुर नगर के वार्ड क्रमांक 12 (तिवारी कॉलोनी/दरबारी टोली) में पिछले कुछ दिनों से गहराए पेयजल संकट ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भीषण गर्मी की शुरुआत में ही पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे वार्डवासियों की समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री शिव प्रकाश तिवारी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने और लापरवाहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारी की नशाखोरी और अधिकारियों की 'चुप्पी' पर नाराजगी
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में श्री तिवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वार्ड में तैनात संबंधित कर्मचारी की कथित नशाखोरी और घोर लापरवाही के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। श्री तिवारी ने कहा कि जब जनता प्यासी है, तब जिम्मेदार अधिकारी फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझ रहे हैं, जो कि बेहद आपत्तिजनक है।
"भाजपा सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं"
प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा:
"प्रदेश में हमारी अपनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और इस सुशासन में जनता के काम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुछ गैर-जिम्मेदार कर्मचारी और अधिकारी सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।"
मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी शिकायत की गूँज
शिव प्रकाश तिवारी ने जिला प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि जलापूर्ति तत्काल बहाल नहीं की गई और दोषी कर्मचारियों व गैर-जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त एक्शन नहीं लिया गया, तो वे सीधे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय विष्णु देव साय जी को पत्र लिखकर इस पूरे घटनाक्रम और प्रशासनिक सुस्ती से अवगत कराएंगे।
वार्डवासियों में भारी रोष
तिवारी कॉलोनी और दरबारी टोली के निवासियों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। भाजपा नेता के इस हस्तक्षेप के बाद अब वार्डवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।





