सर्पदंश से मृत्यु के मामले में शासन की राहत: कलेक्टर ने 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की
जशपुरनगर | 06 अप्रैल 2026 प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली जनहानि के मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने एक प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है। कलेक्टर ने पत्थलगांव तहसील के एक मामले में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आर.बी.सी.) 6-4 के तहत 04 लाख रुपये की अनुदान राशि की स्वीकृति जारी की है।
सर्पदंश से हुई थी असमय मृत्यु
प्रकरण के अनुसार, पत्थलगांव तहसील के ग्राम तमता की निवासी स्व. शिवकान्ती चौहान की 27 जुलाई 2024 को सांप के काटने (सर्पदंश) से असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद राजस्व विभाग द्वारा जांच और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई।
पति को मिलेगी सहायता राशि
शासन के नियमों के तहत, मृतिका के निकटतम वारिस उनके पति श्री सुलेन्द्र चौहान के पक्ष में 04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि स्वीकृत राशि का भुगतान जल्द से जल्द हितग्राही के बैंक खाते में सुनिश्चित किया जाए ताकि परिवार को राहत मिल सके।





