बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए एसएसपी रायगढ़ का 'सफलता मंत्र': "परीक्षा पड़ाव है, मंजिल नहीं; बिना तनाव के पूरे आत्मविश्वास के साथ लिखें पेपर"
रायगढ़ | 21 फरवरी 2026 जिले में बोर्ड परीक्षाओं के आगाज के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए एक विशेष प्रेरक वीडियो संदेश जारी किया है। एसएसपी ने परीक्षार्थियों को संदेश दिया है कि वे अंकों की चिंता छोड़कर अपनी मेहनत और आत्मविश्वास पर भरोसा रखें, क्योंकि जीवन में अवसरों की कोई कमी नहीं है।
निराशा को न होने दें हावी
अपने संदेश में एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा जरूर है, लेकिन यह अंतिम पैमाना नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोटिवेट करते हुए कहा, "शानदार तरीके से परीक्षा लिखें और खुद पर विश्वास रखें। यदि परिणाम उम्मीद के मुताबिक न भी रहे, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। जीवन बहुत बड़ा है और सफलता तक पहुँचने के कई रास्ते होते हैं।"
अभिभावकों से खास अपील
एसएसपी ने अभिभावकों से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें। उन्होंने जोर देकर कहा कि माता-पिता का प्रोत्साहन और सकारात्मक व्यवहार बच्चों के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।
शोर-शराबा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
विद्यार्थियों की एकाग्रता भंग न हो, इसके लिए रायगढ़ पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसएसपी ने कड़ी चेतावनी दी है कि:
परीक्षा के दौरान डीजे, लाउडस्पीकर या किसी भी प्रकार का अनावश्यक शोर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यदि कोई शोर से पढ़ाई में बाधा डालता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ऐसे तत्वों की बैठक लेकर उन्हें सख्त हिदायत देगी और वैधानिक कार्रवाई करेगी।
एसएसपी श्री सिंह ने अंत में सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।





