प्रशासनिक कार्यों को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजस्व विभाग के 4 नवीन वाहनों को दिखाई हरी झंडी
जशपुरनगर | 28 मार्च 2026
जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जिले के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के लिए आवंटित 4 नवीन शासकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आम जनता को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इन नए वाहनों के संचालन से शासकीय कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। विशेष रूप से राजस्व विभाग के फील्ड वर्क (क्षेत्रीय कार्यों) में इन वाहनों से काफी सहूलियत होगी। अब दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिकारियों की पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे राजस्व संबंधी प्रकरणों का त्वरित निराकरण संभव होगा।
आपदा प्रबंधन और सर्वे कार्यों में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि नए वाहनों की उपलब्धता से न केवल नियमित प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा, बल्कि आपदा प्रबंधन, भूमि सर्वे, निरीक्षण और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी गतिविधियों का क्रियान्वयन भी समय सीमा के भीतर किया जा सकेगा।
गरिमामयी उपस्थिति
वाहन रवानगी के इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर सरगुजा कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशिकुमार और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण पल के साक्षी बने।














