सड़क सुरक्षा की ओर बढ़े कदम: कांसाबेल में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली की धूम, गूंजा सुरक्षित यातायात का संदेश

सड़क सुरक्षा की ओर बढ़े कदम: कांसाबेल में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली की धूम, गूंजा सुरक्षित यातायात का संदेश

कांसाबेल (जशपुर)।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने उपस्थित जनसमुदाय को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज कांसाबेल की सड़कों पर एक अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। 'सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की पहचान है' के संकल्प के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह के नेतृत्व में एक विशाल एवं ऐतिहासिक हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में सैकड़ों लोगों ने अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर आम नागरिकों को सुरक्षा का एक सशक्त संदेश दिया।

प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और जनता की अनूठी भागीदारी

​सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस भव्य रैली में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों सहित भारी संख्या में आम नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में कुनकुरी एसडीओपी, कांसाबेल थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय और भाजपा के सरगुजा संगठन सह-प्रभारी सुनील गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

​साथ ही स्थानीय स्तर पर समाज को दिशा देने वाले जनप्रतिनिधियों में सरपंच कांसाबेल अनिक खलखो, बीडीसी शिप्रा नारायण दास, केशव पांडे सहित भारी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

थाना परिसर से गुजरी विशाल रैली, टांगर गांव और जशपुर रोड पर दिखा उत्साह

​रैली का भव्य शुभारंभ थाना कांसाबेल से हुआ। सैकड़ों बाइकों का यह काफिला मुख्य मार्ग, थाना रोड, बस स्टैंड, टांगर गांव रोड, जशपुर रोड और तहसील से होते हुए वापस कांसाबेल थाना परिसर पर आकर संपन्न हुआ।

​पूरी रैली के दौरान गगनभेदी नारों और बैनर-पोस्टरों के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

"औपचारिकता नहीं, सुरक्षा कवच है हेलमेट" : एसडीओपी कुनकुरी

रैली को संबोधित करते हुए कुनकुरी एसडीओपी ने जशपुर पुलिस के इस निरंतर अभियान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बेहद गंभीर विषय को उठाते हुए कहा— "जिले में होने वाली अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में असमय मौतों का मुख्य कारण सिर में लगने वाली गंभीर चोट होती है, जिससे हेलमेट पहनकर बचा जा सकता है। हेलमेट सिर्फ चालान से बचने की औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसे सही तरीके से बेल्ट बांधकर पहनना जरूरी है।" उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी सख्त हिदायत दी।

सोशल मीडिया पर भी छाया जागरूकता का संदेश

​भाजपा के सरगुजा संगठन सह-प्रभारी सुनील गुप्ता ने जशपुर पुलिस के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हमारी छोटी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के नियमित उपयोग पर जोर दिया।

​इस अभियान का असर जमीन के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल जागरूक नागरिकों और युवाओं ने सोशल मीडिया पर अपने वीडियो संदेश जारी कर हेलमेट पहनने की अपील की, जिससे यह अभियान देखते ही देखते एक डिजिटल जन-आंदोलन में बदल गया।

कांसाबेल पुलिस की अपील:

"यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की पहचान है। जागरूकता ही बचाव है।"