कलेक्टर रोहित व्यास ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक: समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के दिए सख्त निर्देश
जशपुरनगर | 20 जनवरी 2026 कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिले के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम जनता के राजस्व मामलों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर और निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
राजस्व प्रकरणों पर जीरो टॉलरेंस
बैठक के दौरान कलेक्टर ने ई-नामांतरण, फौती नामांतरण, सीमांकन, बटांकन और नक्शा अद्यतन जैसे संवेदनशील मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि:
सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित हो।
अभिलेख दुरुस्तीकरण और शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
किसान किताब प्रविष्टि और आधार-मोबाइल नंबर अपडेट करने के कार्य में तेजी लाई जाए।
धान के अवैध परिवहन पर रहेगी पैनी नजर
वर्तमान में जारी धान खरीदी को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की अवैध खरीदी-बिक्री और अनधिकृत परिवहन को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू और पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
पीड़ितों को समय पर मिले मुआवजा
कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के तहत लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रभावितों और पीड़ितों को समय पर राहत राशि पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इन मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए ताकि मुआवजे में देरी न हो।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सहित जिले के सभी विकासखंडों के एसडीएम और तहसीलदार उपस्थित रहे।





