कलेक्टोरेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित: विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने किया अनावरण, बताया राज्य की गौरवशाली संस्कृति का प्रतीक
जशपुर | 21 फरवरी 2026 जशपुर कलेक्टोरेट परिसर में आज हमारी मातृभूमि और मातृ-शक्ति की प्रतीक 'छत्तीसगढ़ महतारी' की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर पूरा परिसर 'छत्तीसगढ़ महतारी की जय' के नारों से गूंज उठा।
संस्कृति और समृद्धि का समागम
विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी जननी है। यह प्रतिमा केवल एक संरचना नहीं, बल्कि हमारी लोककला, परंपरा और छत्तीसगढ़ी गौरव का जीवंत रूप है। प्रतिमा में हाथ में धान की बालियाँ राज्य की कृषि प्रधानता और समृद्धि को दर्शाती हैं, वहीं महतारी का स्वरूप संरक्षण और पोषण का संदेश देता है।
गरिमामय उपस्थिति
अनावरण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी, श्री प्रशांत कुशवाहा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मिट्टी से जुड़ाव की भावना
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा 'मोर छत्तीसगढ़' की भावना को प्रबल करती है। राजधानी रायपुर की तर्ज पर अब जशपुर कलेक्ट्रेट में भी इसकी स्थापना से लोगों में अपनी मिट्टी के प्रति प्रेम और एकता की भावना बढ़ेगी। अब राज्योत्सव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अवसर पर यहाँ विशेष आयोजन और सम्मान प्रकट किया जा सकेगा।





