मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर एक्शन: आवेदन के चंद दिनों भीतर सुखबासुपारा को मिली पेयजल की सौगात
जशपुर :-
जशपुर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील निर्णय और प्रशासनिक तत्परता से दुलदुला विकासखंड के ग्राम सपघरा (सुखबासुपारा) में पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान कर दिया गया है।
सीएम कैंप कार्यालय में लगाई थी गुहार उल्लेखनीय है कि सुखबासुपारा के ग्रामीणों ने पिछले दिनों पानी की भारी किल्लत को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय 'बगिया' में आवेदन सौंपा था। ग्रामीणों ने बताया था कि गर्मी बढ़ने के साथ ही पुराने जल स्रोत सूख रहे हैं, जिससे उन्हें पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल नलकूप खनन के निर्देश दिए थे।
त्वरित कार्रवाई से मिला समाधान मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रशासन ने बिना देरी किए सुखबासुपारा में नलकूप खनन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कराया। नलकूप से पानी निकलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। अब ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जताया आभार नलकूप की सुविधा मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की यह त्वरित कार्यप्रणाली उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब उन्हें घर के पास ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनकी दैनिक परेशानियां दूर हो गई हैं।


