जनता के विरोध के आगे झुका प्रशासन: कांसाबेल शराब दुकान के स्थानांतरण की अनुमति निरस्त, पुरानी जगह पर ही होगी संचालित

जनता के विरोध के आगे झुका प्रशासन: कांसाबेल शराब दुकान के स्थानांतरण की अनुमति निरस्त, पुरानी जगह पर ही होगी संचालित

जशपुरनगर | जशपुर जिले के कांसाबेल में शराब दुकान को स्थानांतरित करने के फैसले पर स्थानीय महिलाओं के भारी विरोध के बाद प्रशासन ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनभावनाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुकान को सिहारबुड़ (अमन गुप्ता के भवन) ले जाने की अनुमति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

महिलाओं ने जड़ा था दुकान में ताला

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत कांसाबेल में संचालित विदेशी कम्पोजिट मदिरा दुकान को सिहारबुड़ स्थानांतरित किए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय महिलाएं लामबंद हो गई थीं। महिलाओं ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और दुकान में ताला जड़ दिया था। यह मामला समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर प्रमुखता से छाया रहा, जिसके बाद प्रशासन ने मामले में हस्तक्षेप किया।

कलेक्टर कार्यालय ने जारी किया आदेश

जिला आबकारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर (आबकारी) कार्यालय द्वारा पूर्व में दी गई स्थानांतरण की अनुमति को 'अपरिहार्य प्रशासकीय कारणों' से निरस्त कर दिया गया है। जन विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय लिया है।

पूर्व निर्धारित स्थान पर ही बिकेगी शराब

राजस्व सुरक्षा के दृष्टिकोण से अब यह मदिरा दुकान अपने पुराने स्थान यानी फ्रांसिस टोप्पो के बगीचा रोड स्थित दुकान व भवन में ही संचालित होती रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक कि नियमानुसार नवीन निविदा और उपयुक्त स्थान चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं कर ली जाती।

इस निर्णय के बाद स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।