मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का 'सुपरफास्ट' एक्शन: घटमुण्डा में बदला गया खराब ट्रांसफार्मर, अंधेरा दूर होते ही ग्रामीणों ने जताया आभार
जशपुरनगर, 28 जनवरी 2026:
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की सक्रियता से कुनकुरी विकासखंड के ग्राम घटमुण्डा में बिजली का संकट दूर हो गया है। ग्राम के मोहम्मद गहरीउद्दीन के घर के पास लगा ट्रांसफार्मर पिछले कुछ समय से खराब था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही कैंप कार्यालय ने इसे गंभीरता से लिया और विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नई मशीन स्थापित कर दी गई है, जिससे गांव में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो गई है। ग्रामीणों ने इस त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति विशेष आभार प्रकट किया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।





