राहत: बालाझार के बगलता पारा में बदला गया खराब ट्रांसफार्मर, बिजली आपूर्ति हुई सुचारू
जशपुरनगर | 27 जनवरी 2026 पत्थलगांव संभाग के ग्राम पंचायत बालाझार के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। बगलता पारा में पिछले कुछ समय से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर को विभाग द्वारा बदलकर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई है।
आकाशीय बिजली गिरने से हुआ था फेल
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कार्यपालन यंत्री से मिली जानकारी के अनुसार, यहाँ स्थापित 25 केवी (KV) का ट्रांसफार्मर बीती 28 सितम्बर 2025 को आकाशीय बिजली गिरने की वजह से खराब हो गया था।
पहुंच मार्ग बाधित होने से हुई देरी
विभाग ने स्पष्ट किया कि ट्रांसफार्मर फेल होने के तत्काल बाद इसे इसलिए नहीं बदला जा सका क्योंकि बारिश के मौसम के कारण ट्रांसफार्मर स्थल तक पहुंच मार्ग सुलभ नहीं था। भारी वाहनों या क्रेन का वहां तक पहुँचना चुनौतीपूर्ण हो गया था। हालांकि, ग्रामीणों को अंधेरे से बचाने के लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर नजदीकी 63 केवी के ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई चालू रखी थी।
अब समस्या का स्थायी समाधान
विद्युत विभाग की टीम ने 21 जनवरी 2026 को सक्रियता दिखाते हुए खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। विभाग द्वारा की गई जांच में पाया गया कि अब क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या नहीं है और सभी उपभोक्ताओं के परिसरों में बिजली की स्थिति सामान्य है।


