मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृहग्राम बगिया में मनाया 62वां जन्मदिन: करमा नृत्य और तिलक लगाकर ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृहग्राम बगिया में मनाया 62वां जन्मदिन: करमा नृत्य और तिलक लगाकर ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत

जशपुरनगर | 21 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज अपने 62वें जन्मदिवस के विशेष अवसर पर अपने पैतृक ग्राम बगिया पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और हर्ष का वातावरण रहा। हेलीपैड पर उतरते ही जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में उमड़े ग्रामीणों ने अपने जनप्रिय नेता का आत्मीय अभिनंदन किया और उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दीं।

पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुआ अभिनंदन

​मुख्यमंत्री के स्वागत में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। टाटीडांड से आए करमा नर्तक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक करमा नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। वहीं, गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर उनके सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

​इस गरिमामय अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने मुख्यमंत्री को बधाई दी। साथ ही प्रशासनिक अमले से कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित प्रशिक्षु आईएफएस सुश्री यशस्वी मौर्य एवं श्री भरत सिंह ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

सादा जीवन, उच्च विचार की मिसाल

​अपने जन्मदिन पर वीआईपी तामझाम से दूर अपनी मिट्टी और अपनों के बीच पहुंचना मुख्यमंत्री की सादगी को दर्शाता है। हेलीपैड पर मौजूद ग्रामीणों में अपने 'बगिया के बेटे' को मुख्यमंत्री के रूप में देखने और उन्हें बधाई देने की जबरदस्त उत्सुकता नजर आई। मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया और प्यार व स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।