मुख्यमंत्री की सादगी: बालक आश्रम के बच्चों के बीच काटा जन्मदिन का केक, चॉकलेट बांटकर बढ़ाया नन्हे हाथों का उत्साह

मुख्यमंत्री की सादगी: बालक आश्रम के बच्चों के बीच काटा जन्मदिन का केक, चॉकलेट बांटकर बढ़ाया नन्हे हाथों का उत्साह

जशपुरनगर | 21 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस को बेहद खास और यादगार बनाते हुए इसे अपने गृहग्राम बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के साथ मनाया। मुख्यमंत्री ने वीआईपी चकाचौंध से दूर, आदिवासी अंचल के नन्हे बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियाँ बांटीं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।

बच्चों के साथ आत्मीय संवाद और स्नेह

बगिया हेलीपैड के समीप स्थित इस आश्रम में पहुँचते ही बच्चे मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुशी से झूम उठे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें अपने हाथों से चॉकलेट वितरित की। कक्षा पहली से पांचवीं तक के इन नन्हे छात्रों से मुख्यमंत्री ने बड़े ही सहज और सरल अंदाज में बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा।

"खूब पढ़ो और प्रदेश का नाम रोशन करो"

मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का आधार है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचाइयों को छूने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, "आप सब मन लगाकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने परिवार, समाज व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।" मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील व्यवहार ने न केवल बच्चों को बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

गरिमामय उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय सहित प्रशासनिक अमले से कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आश्रम के शिक्षकों और स्टाफ ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया।