जशपुर: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जंगल में अवैध बोरवेल खनन करते दो वाहन जब्त
ग्रामीणों की सूचना पर वन अमले ने दी दबिश; आरोपियों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज
जशपुरनगर | 29 मार्च 2026 जशपुर वनमंडल के सन्ना परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध बोरवेल खनन के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वनमण्डलाधिकारी (DFO) श्री शशि कुमार के कुशल निर्देशन में वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो बोरवेल उत्खनन वाहनों को रंगे हाथों जब्त किया है।
ग्रामीणों की सजगता से रुकी अवैध गतिविधि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सन्ना वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक पी 303 में अवैध बोर खनन की सूचना ग्रामीणों द्वारा दूरभाष पर दी गई थी। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक तोरा, सन्ना और बी.एफ.ओ. कामारिमा, चलनी, धनगुरी तथा बगीचा परिक्षेत्र के संयुक्त वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों ने पंचों और गवाहों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया, जहां पाया गया कि वन भूमि के भीतर अवैध उत्खनन से जैव विविधता को गंभीर क्षति पहुंचाई जा रही थी।


इन वाहनों और व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान मौके पर कार्य कर रहे दो ट्रकों को जब्त किया गया:
-
जब्त वाहन: ट्रक क्रमांक CG22 AF 7660 एवं CG22 AF 7659।
-
पूछताछ: पकड़े गए वाहन चालक सल्लू राम (मनोहरपुर) और गोधन कोमा (नर्राटोला, जिला बालोद) ने बताया कि वे दातुनपानी निवासी राजेश यादव के निर्देश पर कार्य कर रहे थे।
-
वाहन स्वामी: संबंधित वाहनों का मालिक बिलाईगढ़ (जिला बलौदाबाजार) निवासी रमेश जायसवाल बताया गया है।
कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग ने उक्त अवैध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए वन अपराध के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। जब्त किए गए दोनों वाहनों को सुरक्षित रूप से वन आवासीय परिसर, सन्ना में रखा गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या बोरवेल खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।





