PCCF अरुण पांडे ने किया जशपुर के भैरवपहाड़ और पर्यावरण वाटिका का निरीक्षण, विकास के लिए दिए निर्देश
जशपुरनगर | 12 अगस्त 2026
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख छत्तीसगढ़, श्री अरूण कुमार पाण्डेय (भा.व.से.) ने अपने हालिया जशपुर प्रवास के दौरान जिले के प्रमुख प्राकृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय स्थलों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जशपुर वनमंडल में पर्यटन, संरक्षण और विकास की नई संभावनाओं का जायजा लिया तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भैरव पहाड़: आस्था, प्रकृति और जनजातीय संस्कृति का बनेगा संगम
अपने प्रवास के दौरान PCCF श्री पाण्डेय ने मनोरा विकासखंड स्थित प्रसिद्ध भैरवपहाड़ का भ्रमण किया। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्थानीय जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक मान्यताओं और सोगड़ा आश्रम से जुड़ी जन-आस्था की जानकारी ली।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि:
-
भैरव पहाड़ का विकास स्थानीय परंपराओं, प्राकृतिक स्वरूप और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखकर किया जाए।
-
विकास कार्यों में पर्यावरण संतुलन और क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण को पहली प्राथमिकता दी जाए।
-
इस स्थल को प्रकृति, आस्था और जनजातीय संस्कृति के एक समन्वित केंद्र के रूप में उभारा जाए।

पर्यावरण वाटिका बगिया: प्रकृति शिक्षा का बनेगा केंद्र
इसके पश्चात उन्होंने वन परिक्षेत्र कांसाबेल के ग्राम बगिया में निर्मित 'पर्यावरण वाटिका' का अवलोकन किया। उन्होंने वहां किए गए पौधरोपण, हरित क्षेत्र विकास और संरक्षण गतिविधियों की समीक्षा की।
-
निर्देश: वाटिका को स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए पर्यावरण जागरूकता तथा 'नेचर एजुकेशन' (प्रकृति शिक्षा) के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
-
विशेष जोर: स्थानीय और उपयोगी प्रजातियों के पौधों के बेहतर रख-रखाव और संरक्षण पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
"जशपुर की प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और जनजातीय संस्कृति इसकी असली पहचान हैं। भैरव पहाड़, हनुमान टेकरी और पर्यावरण वाटिका जैसे स्थलों को जनभागीदारी से इको-फ्रेंडली मॉडल पर विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार और पर्यटन के नए अवसर मिल सकें।"
— श्री अरूण पांडे, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक (सरगुजा वृत्त अंबिकापुर) श्री दिलराज प्रभाकर, वनमंडलाधिकारी बलरामपुर श्री आलोक वाजपेयी, वनमंडलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार सहित जशपुर वनमंडल के सभी उप-वनमंडलाधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी और वन अमला उपस्थित रहा।














