कांसाबेल में त्रिदिवसीय शिव कथा का भव्य समापन: शिवभक्तों ने लिया शिवपुराण कथा का आनंद
जशपुर कांसाबेल:
पवित्र सावन मास के शुभ अवसर पर कांसाबेल स्थित शिव मंदिर में आयोजित त्रिदिवसीय शिव कथा का आज भव्य समापन हुआ। 5 अगस्त 2026 से प्रारम्भ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में तीन दिनों तक संपूर्ण क्षेत्र शिवभक्ति के रस में सराबोर रहा।
कथा का वाचन सुप्रसिद्ध व्यास श्री बिशम्भर मिश्रा जी के श्रीमुख से हुआ। उन्होंने अपने ओजस्वी और संगीतमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को शिवपुराण की महिमा और भगवान भोलेनाथ के पावन चरित्र से रूबरू कराया। इस दौरान आचार्य पं. श्री नवीन शर्मा जी एवं आचार्य पं. श्री राधे श्याम मिश्रा जी के सानिध्य में 7 अगस्त 2026 तक सभी धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन विधि-विधान से संपन्न कराए गए।


सामूहिक आरती समूह की सराहनीय पहल
इस त्रिदिवसीय भव्य आयोजन का बीड़ा सामूहिक आरती समूह, कांसाबेल द्वारा उठाया गया था। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में श्री ज्योति प्रसाद गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती राखी गुप्ता ने सहभागिता निभाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की।
शिवभक्तों की उमड़ी भीड़
तीन दिनों तक चले इस कथा आयोजन में सामूहिक आरती समूह के सदस्यों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय शिवभक्तों ने उपस्थित होकर शिवपुराण कथा का श्रवण किया। प्रतिदिन कथा के उपरांत भव्य आरती और महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कथा समापन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं भक्तों का आभार व्यक्त किया।














