प्रधानमंत्री जनमन योजना: बैगापारा मार्ग पर दोबारा हुआ बीटी कार्य, इंजीनियर ने जांची गुणवत्ता।
जशपुर: विधायक के निर्देश और विभाग की सक्रियता से सुधरी बैगापारा सड़क, बीटी कार्य हुआ पूर्ण
जशपुरनगर | 30 मार्च 2026 जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग द्वारा बुनियादी ढांचे की मजबूती और गुणवत्तापूर्ण निर्माण को लेकर गंभीरता दिखाई जा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (परियोजना पत्थलगांव) के अंतर्गत बैगापारा तक 2.30 किलोमीटर लंबी सड़क का डामरीकरण (बीटी कार्य) सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

शिकायत पर त्वरित एक्शन, गुणवत्ता में सुधार
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित इस सड़क के कुछ हिस्सों में खराबी की जानकारी मिलते ही विभाग ने तत्परता दिखाई। कार्यपालन अभियंता श्री संतोष नाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्सों की सूचना मिलते ही संबंधित ठेकेदार को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए थे। विभाग की प्राथमिकता निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखना है।

विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने किया था निरीक्षण
उल्लेखनीय है कि 14 मार्च 2026 को क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने भी इस मार्ग का निरीक्षण किया था। उन्होंने क्षतिग्रस्त बीटी भाग को सुधारते हुए पुनः व्यवस्थित निर्माण कराने के कड़े निर्देश दिए थे। जनप्रतिनिधि के निर्देशों और विभागीय तत्परता का परिणाम रहा कि सड़क पर दोबारा डामरीकरण का कार्य अब पूरा हो चुका है।

निरीक्षण में कार्य पाया गया संतोषप्रद
सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद कार्यपालन अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें सड़क की वर्तमान स्थिति बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पाई गई है। अब यह मार्ग ग्रामीणों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सुगम हो गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।





