टी.बी. मुक्त जशपुर की ओर बढ़ते कदम: जिले में 'निक्षय निरामय 2.0' अभियान का भव्य आगाज

टी.बी. मुक्त जशपुर की ओर बढ़ते कदम: जिले में 'निक्षय निरामय 2.0' अभियान का भव्य आगाज

जशपुरनगर | 25 मार्च 2026 राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जशपुर जिले को टी.बी. मुक्त बनाने के संकल्प के साथ 'निक्षय निरामय 2.0' अभियान की शुरुआत की गई है। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर शुरू हुए इस 100 दिवसीय विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के हर कोने तक पहुँचकर टी.बी. मरीजों की पहचान करना और उन्हें त्वरित उपचार उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश, प्रचार रथ रवाना

जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर सर्वे और जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराकर इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी. एस. जात्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जागरूकता फैलाने वाले प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन 'हाई रिस्क' समूहों पर रहेगी विशेष नजर

अभियान के तहत उन व्यक्तियों की सघन स्क्रीनिंग की जाएगी जिनमें टी.बी. का खतरा अधिक है, जैसे:

60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग।

मधुमेह (Diabetes) और एच.आई.व्ही. (PLHIV) से ग्रसित मरीज।

धूम्रपान और शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति।

गंभीर कुपोषित बच्चे और जिनका वजन (BMI) 18.5 से कम है।

पुराने टी.बी. मरीज या उनके संपर्क में आए व्यक्ति।

04 चरणों में संचालित होगा अभियान

यह अभियान पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से चार चरणों में पूरा किया जाएगा:

प्रथम चरण: मितानिनें घर-घर जाकर लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग करेंगी और उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की सूची तैयार करेंगी।

द्वितीय से चतुर्थ चरण: आयुष्मान शिविरों के माध्यम से 'हैंडहेल्ड एक्स-रे' मशीनों का उपयोग कर मरीजों की पहचान की जाएगी।

लक्ष्य: प्रत्येक हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से प्रतिदिन 100 से 200 एक्स-रे करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, अस्पतालों की ओ.पी.डी. में आने वाले 5 से 10 प्रतिशत मरीजों की अनिवार्य रूप से टी.बी. स्क्रीनिंग की जाएगी।

विशेष सुरक्षा कवच: प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट

अभियान के दौरान न केवल इलाज, बल्कि बचाव पर भी जोर दिया जा रहा है। टी.बी. मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों को 100% निःशुल्क प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट दिया जाएगा ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

इस गरिमामयी शुरुआत के दौरान जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. व्ही. के. इन्दवार, जिला क्षय अधिकारी डॉ. रोशन बरियार सहित विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों का मानना है कि जनभागीदारी से ही जशपुर को टी.बी. मुक्त बनाया जा सकता है।