मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की बड़ी पहल: केरल हादसे में जान गंवाने वाले युवक का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर पहुँचाया गया जशपुर

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की बड़ी पहल: केरल हादसे में जान गंवाने वाले युवक का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर पहुँचाया गया जशपुर

जशपुरनगर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता एक बार फिर जशपुर जिले के लिए संबल बनकर सामने आई है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल के चलते, केरल के त्रिशूर में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए कुनकुरी के युवक मृत्युंजय सिंह का पार्थिव शरीर विमान से उनके गृह ग्राम लाया गया।

केरल में हुआ था दुखद हादसा

जानकारी के अनुसार, विकासखंड कुनकुरी के ग्राम डूमर टोली (केराडीह) निवासी मृत्युंजय सिंह केरल के त्रिशूर में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बीते 6 अप्रैल को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घर से हजारों किलोमीटर दूर हुई इस अनहोनी ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया था। पार्थिव शरीर को वापस लाने में असमर्थ परिजनों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से मदद की गुहार लगाई थी।

कोच्चि से रांची तक एयरलिफ्ट, फिर गृह ग्राम रवानगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंप कार्यालय ने तत्काल समन्वय स्थापित किया। मृत्युंजय के पार्थिव शरीर को कोच्चि एयरपोर्ट से विमान के जरिए रांची लाया गया। रांची पहुंचने के बाद 'मुक्तांजली वाहन' की व्यवस्था की गई, जिससे शव को उनके पैतृक गांव डूमर टोली पहुँचाया गया। जहाँ पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

परिजनों ने जताया आभार

किसी अपने को खोने के दुख के बीच, दूर राज्य से पार्थिव शरीर को सुरक्षित घर तक पहुँचाने की इस मानवीय पहल ने शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत दी है। परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैंप कार्यालय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार एक अभिभावक की तरह उनके साथ खड़ी रही।

"मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की यह पहल दर्शाती है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक चाहे वह कहीं भी हो, संकट के समय सरकार उसकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।"