अटल वयो अभ्युदय योजना: 12 बुजुर्गों की आंखों में लौटी रोशनी, AIIMS रायपुर में हुआ सफल ऑपरेशन

अटल वयो अभ्युदय योजना: 12 बुजुर्गों की आंखों में लौटी रोशनी, AIIMS रायपुर में हुआ सफल ऑपरेशन

जशपुरनगर | 11 अप्रैल 2026 जशपुर जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'अटल वयो अभ्युदय योजना' वरदान साबित हो रही है। समाज कल्याण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित बुजुर्गों का रायपुर स्थित एम्स (AIIMS) में मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन कराया गया है।

दो चरणों में हुआ ऑपरेशन

भारत सरकार की इस महत्त्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के फरसाबहार, बगीचा जनपद और जनक वृद्धाश्रम जशपुर से कुल 54 बुजुर्गों का चयन किया गया था।

  • पहला चरण: 22 मार्च को 06 वरिष्ठ नागरिकों का सफल ऑपरेशन किया गया। वहीं, एक हितग्राही को चश्मा दिया गया और एक अन्य का शुगर-बीपी अधिक होने के कारण ऑपरेशन टालना पड़ा।

  • दूसरा चरण: 25 मार्च को बगीचा जनपद से 13 हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों ने फूल-माला पहनाकर और शाल भेंट कर एम्स रायपुर के लिए रवाना किया था।

इन हितग्राहियों को मिला लाभ

हालिया चरण में देवरी बाई (72), राजपति (65), मालती देवी (66), मुनेश्वरी (66), लक्ष्मनिया बाई (71), खुदुराम (65), पेटरा (71) और कुवर (66) का सफलतापूर्वक ऑपरेशन संपन्न हुआ। टीम ने बताया कि कौशल्या बाई, कपूर राम और चरण राम का बीपी-शुगर अनियंत्रित होने की वजह से फिलहाल ऑपरेशन नहीं हो सका।

जिला अस्पताल में हुआ फॉलो-अप

योजना के तहत अब तक कुल 19 बुजुर्गों को एम्स भेजा गया, जिनमें से 12 का सफल ऑपरेशन हुआ और 2 को चश्मे प्रदान किए गए। वर्तमान में इन सभी लाभार्थियों का जिला अस्पताल जशपुर में फॉलो-अप (स्वास्थ्य परीक्षण) कराया गया है, जहाँ सभी की स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई है।

Files